विकास योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से करें पूर्ण : रामनिवास यादव

Advertisements

विकास योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से करें पूर्ण : रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में कार्यकारी एजेंसियों द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही आधारभूत संरचना, पेयजल, सड़क निर्माण, भवन निर्माण, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, वित्तीय व्यय तथा लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने और स्थल निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि सरकार की विकास योजनाएं आम जनता की सुविधा और विकास के लिए संचालित की जाती हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से सड़क, भवन निर्माण और पेयजल योजनाओं की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि जिन योजनाओं का कार्य धीमी गति से चल रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं, ताकि लोगों को योजनाओं का स्थायी लाभ मिल सके। साथ ही यदि किसी योजना में तकनीकी समस्या या अन्य कारणों से कार्य प्रभावित हो रहा हो तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।

उपायुक्त ने लंबित योजनाओं की सूची तैयार कर उन्हें शीघ्र पूरा करने के लिए कार्ययोजना बनाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।

बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top