केकेएन स्टेडियम में सजेगा तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव

Advertisements

केकेएन स्टेडियम में सजेगा तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव

तैयारियों को लेकर उपायुक्त की समीक्षा बैठक

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बाबा बैद्यनाथ महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि तीन दिवसीय राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव का आयोजन 16, 17 और 18 मार्च 2026 को देवघर के स्थानीय केकेएन स्टेडियम में किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ महोत्सव से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि यह आयोजन भव्य और यादगार बन सके।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, आमजनों के बैठने की व्यवस्था, भव्य पंडाल, अतिथि आवासन, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार और स्थानीय स्कूली बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उपायुक्त ने महोत्सव के दौरान वाहनों के पार्किंग स्थल के लिए क्लब ग्राउंड और सर्राफ स्कूल कैंपस को चिन्हित कर वहां सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत भजन, फिल्मी संगीत, खोरठा व झूमर, कत्थक और शास्त्रीय नृत्य के साथ बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भी प्रस्तुति दी जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन 16 मार्च को केकेएन स्टेडियम में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान अलग-अलग दिनों में अलग-अलग थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा फ्लावर शो, थ्री-डी शो, फूड कोर्ट तथा स्कूल-कॉलेज के छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ पारंपरिक लोक कलाओं को बढ़ावा देने का भी उद्देश्य है, ताकि कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल सके और लोग अपनी समृद्ध संस्कृति से रूबरू हो सकें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top