



देवघर नगर निगम के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों का शुक्रवार को होगा शपथ ग्रहण समारोह
डीजे न्यूज, देवघर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 13 मार्च को होने वाले देवघर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर एवं वार्ड पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि देवघर नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 13 मार्च को विकास भवन सभागार में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं 14 मार्च को मधुपुर नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को किसान भवन में शपथ दिलाई जाएगी।
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय परिसर में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने समारोह को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, उपनिर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणवीर सिंह, यातायात प्रभारी लक्षमण प्रसाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।



