पेशम में नाबार्ड प्रायोजित ग्रामीण हाट का शुभारंभ, किसानों व महिला समूहों को मिलेगा बाजार

Advertisements

पेशम में नाबार्ड प्रायोजित ग्रामीण हाट का शुभारंभ, किसानों व महिला समूहों को मिलेगा बाजार

डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : बिरनी प्रखंड के पेशम में नाबार्ड द्वारा प्रायोजित ग्रामीण हाट का उद्घाटन बुधवार को गिरिडीह की उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर नाबार्ड के डीडीएम आशुतोष प्रकाश, बिरनी के बीडीओ, पीएचईडी गिरिडीह के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

 

ग्रामीण हाट के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों, कारीगरों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं तथा अन्य ग्रामीण उत्पादकों को अपने कृषि एवं प्राथमिक उत्पादों की बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा। इस परियोजना के तहत ग्रामीणों की सुविधा और व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शेड, गोदाम, शौचालय तथा सोलर लाइट जैसी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने नाबार्ड की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की ग्रामीण अवसंरचना स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे किसानों और ग्रामीण उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा।

 

इसी अवसर पर जल जीवन मिशन के तहत “जल अर्पण दिवस” भी मनाया गया। कार्यक्रम में जल सहिया और ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (वीडब्ल्यूएससी) के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया गया।

ग्रामीण हाट की शुरुआत को ग्रामीण क्षेत्र में बाजार सुविधा बढ़ाने, आजीविका संवर्धन और सामुदायिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top