शहादत और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

Advertisements

शहादत और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प

डीजे न्यूज़, तिसरा, धनबाद : लोदना स्थित यमुना सहाय मेमोरियल सोसायटी स्मृति भवन में देश के अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के 95वें शहादत दिवस तथा कोयलांचल के प्रखर मजदूर नेता व बीसीकेयू (BCKU) के पूर्व अध्यक्ष एस.के. बक्सी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत बीसीकेयू के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता द्वारा दोनों महान हस्तियों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान “शहीद चंद्रशेखर आज़ाद अमर रहें”, “कामरेड एस.के. बक्सी अमर रहें”, “मजदूर विरोधी काला कानून वापस लो” और “बिहार कोलियरी कामगार यूनियन जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा सभागार गूंज उठा।

वक्ताओं ने कहा कि आज हम उन महान हस्तियों को याद करने के लिए एकत्र हुए हैं जिन्होंने देश की आजादी और मजदूरों के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। चंद्रशेखर आज़ाद ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए शहादत दी, वहीं एस.के. बक्सी ने कोयलांचल क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं को लेकर जीवनभर संघर्ष किया।

सभा में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मजदूर विरोधी कानूनों और बढ़ती महंगाई-बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि मजदूरों को एकजुट कर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही, 12 घंटे कार्यदिवस के विरोध में सीटू (CITU) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि शहीदों और संघर्षशील नेताओं के दिखाए रास्ते पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

इस अवसर पर सुरेंद्र पासवान, नागेश्वर पासवान, कुंदन पासवान, मधुसूदन बनर्जी, सुरेश भैया, रामनरेश कुमार, नरेश कुमार रविदास, टाइगर कुमार, जयद्रथ पासवान, भोला पासवान, राजेश बावड़ी, अजीत बावड़ी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top