गिरिडीह हवाई पट्टी के पुनरुद्धार की मांग तेज, उड़ान योजना में शामिल करने की अपील

Advertisements

गिरिडीह हवाई पट्टी के पुनरुद्धार की मांग तेज, उड़ान योजना में शामिल करने की अपील
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला मुख्यालय होने के बावजूद गिरिडीह आज तक नियमित हवाई सेवा से वंचित है। वर्ष 2016 में केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई ‘उड़ान योजना’ (उड़े देश का आम नागरिक) का उद्देश्य छोटे शहरों एवं असेवित हवाई पट्टियों को देश के प्रमुख नगरों से जोड़ना है, ताकि आम नागरिकों को सुलभ एवं किफायती हवाई यात्रा उपलब्ध हो सके। इसके बावजूद गिरिडीह को अब तक इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है।
इसी संदर्भ में सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के महाप्रबंधक (संचालन) को पत्र प्रेषित कर गिरिडीह हवाई पट्टी को योजना में सक्रिय रूप से शामिल करने तथा उसके पुनरुद्धार के लिए ठोस एवं समयबद्ध पहल करने की मांग की है।
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार गिरिडीह हवाई पट्टी झारखंड के असेवित हवाई अड्डों की सूची में सम्मिलित है, किंतु किसी विमान सेवा प्रदाता द्वारा बोली प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण अब तक इसका विकास नहीं हो सका है। इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए संबंधित प्राधिकरण से सक्रिय पहल की अपेक्षा की गई है।
गिरिडीह खनिज संपदा, औद्योगिक विकास एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। साथ ही यह विश्वप्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल श्री सम्मेद शिखरजी का प्रवेश द्वार है, जहाँ देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष दर्शन एवं तीर्थ यात्रा के लिए आते हैं। वर्तमान में श्रद्धालुओं को लंबी और असुविधाजनक यात्रा करनी पड़ती है। यदि हवाई पट्टी का विकास कर सेवा प्रारंभ की जाती है तो जिले के आर्थिक, औद्योगिक एवं धार्मिक पर्यटन को नई गति मिल सकती है।
पत्र में प्रमुख रूप से हवाई पट्टी का विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण कर वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने, संभावित मार्गों जैसे रांची, कोलकाता, पटना एवं वाराणसी के लिए मांग आकलन कराने, आगामी उड़ान बोली चक्र में गिरिडीह को प्राथमिकता देने तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्व तैयारी प्रारंभ करने की मांग की गई है।
उक्त पत्र आवश्यक कार्रवाई हेतु नागर विमानन महानिदेशालय, नई दिल्ली के उप महानिदेशक अमित गुप्ता को भी अग्रसारित किया गया है। व्यापक जनहित का हवाला देते हुए खंडेलवाल ने विश्वास व्यक्त किया है कि संबंधित विभाग शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर गिरिडीह को हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top