



घर-घर जनसंवाद में उभरी पानी की किल्लत, डाॅ. शैलेंद्र चौधरी ने दिया स्थायी समाधान का भरोसा

डीजे न्यूज, गिरिडीह :
आज तिरंगा चौक, वृंदावन अपार्टमेंट, महावीर गली, धोबिया गली, दर्जी मोहल्ला, टुंडी रोड सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान घर-घर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

जनसंपर्क के दौरान सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में पेयजल संकट सामने आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई मोहल्लों में पानी पर्याप्त दबाव के साथ नहीं पहुंचता, यहां तक कि नीचे की मंजिलों तक भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी के लिए अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर यह आश्वासन दिया गया कि मेयर बनने के बाद पेयजल समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इसके तहत नई ओवरहेड पानी टंकी का निर्माण, जर्जर पाइप लाइनों की जांच, मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे, ताकि प्रत्येक घर तक पर्याप्त दबाव के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।

साथ ही नगर निगम क्षेत्र में प्रतिदिन दो बार—सुबह एवं शाम—नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था लागू करने का संकल्प भी दोहराया गया, जिससे नागरिकों को पानी के लिए संघर्ष न करना पड़े और उनकी दैनिक आवश्यकताएं सुचारु रूप से पूरी हो सकें।
जनसंपर्क अभियान के दौरान नागरिकों का उत्साहजनक समर्थन देखने को मिला। लोगों ने विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही आधारित नेतृत्व की आवश्यकता पर जोर दिया। सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे नगर के समग्र विकास के इस संकल्प में सहभागी बनें और एक मजबूत, संवेदनशील एवं कर्मठ नेतृत्व को समर्थन दें।




