धनबाद ने पलामू को पांच विकेट से हराकर की अपने अभियान की शुरुआत जेएससीए अंतर जिला अंडर-23 प्लेट टूर्नामेंट : जीत के हीरो रहे राजा कुमार ने मुश्किल समय में 51 रनों की अविजित अर्धशतकीय पारी खेली और धनबाद को जीत दिला दी

Advertisements

धनबाद ने पलामू को पांच विकेट से हराकर की अपने अभियान की शुरुआत

जेएससीए अंतर जिला अंडर-23 प्लेट टूर्नामेंट : जीत के हीरो रहे राजा कुमार ने मुश्किल समय में 51 रनों की अविजित अर्धशतकीय पारी खेली और धनबाद को जीत दिला दी
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद ने पलामू को पांच विकेट से हराकर जेएससीए अंतर जिला अंडर-23 प्लेट टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। जीत के हीरो रहे राजा कुमार जिन्होंने मुश्किल समय में 51 रनों की अविजित अर्धशतकीय पारी खेली और धनबाद को जीत दिला दी। उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर आफ द मैच चुना गया। प्रभात स्टेडियम मुगमा में मंगलवार को खेले गए ग्रुप ए के इस मैच में टास धनबाद ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। स्पर्श राज के शानदार 62 रनों की पारी के बावजूद पलामू की टीम 44.3 ओवरों में 142 रनों पर आउट हो गई। स्पर्श के अलावा आर्यन राज ने 22 और अभिनव कुमार ने 12 रन बनाए। धनबाद के लिए चंदन शर्मा ने 14, आर्यन पटेल ने 14, राजवीर सिंह ने 21 ओर मोहित राय ने 37 रन देते हुए दो-दो विकेट लिए। एकलव्य सिंह और स्पर्श त्यागी को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी धनबाद की टीम एक समय 26 रनों के स्कोर पर चार विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी। उसके चारों विकेट अमित मिश्रा ने लिए। ऐसे समय में राजा कुमार और अनुराग सिंह सेंगर ने पारी को संभाला और दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी निभाते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। राजा कुमार 63 गेंदों में 51 रन बनाकर अविजित रहे वहीं अनुराग 47 गेंदों पर चार चौके व दो छक्के की मदद से 38 रन बनाए। अंकित राज सिंह ने दस रन बनाए। प्लेयर आफ द मैच चुने गए राजा कुमार को मैच रेफरी मनोज यादव ने पुरस्कार प्रदान किया। इसके पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन निरसा के विधायक अरुप चटर्जी ने किया। उन्होंने दोनों टीमों को हौसला बढ़ाया और टूर्नामेंट के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, डीसीए के महासचिव बिनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, सहायक सचिव धर्मेंद्र कुमार, अंपायर अरविंद कुमार सिंह व शशिरंजन झा, स्कोरर दीपक कुमार व अन्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top