



गोदाम निर्माण में गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में 100 एवं 500 एमटी क्षमता वाले गोदामों के निर्माण से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 100 एमटी एवं 500 एमटी क्षमता वाले गोदामों का निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में निर्माण स्थलों की वर्तमान स्थिति, भूमि उपलब्धता, प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति तथा वित्तीय प्रावधानों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिन स्थलों पर कार्य प्रारंभ हो चुका है वहां निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया, वहीं जहां किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो रही है उसे शीघ्र दूर करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि इन गोदामों के निर्माण से खाद्यान्न भंडारण क्षमता में वृद्धि होगी तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों एवं लाभुकों को समय पर अनाज उपलब्ध कराना संभव होगा और भंडारण के दौरान होने वाली क्षति में भी कमी आएगी। मौके पर उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्विनी ओझा समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।





