अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं: आदित्य साहू हेमंत सरकार डर और दबाव में कर रही है काम

Advertisements

अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं: आदित्य साहू

हेमंत सरकार डर और दबाव में कर रही है काम

डीजे न्यूज, धनबाद: पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ काम करने वाले संबंधित नेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है। पार्टी की अनुशासन समिति पूरे मामले पर निगरानी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई निश्चित है। उक्त बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मंगलवार को कहीं।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू बैंक मोड़ स्थित  कार्यालय सभागार में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।  उन्होंने भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी संजीव कुमार की रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा करते हुए कहा कि धनबाद की जनता विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए क्रमांक संख्या 27, चुनाव चिन्ह “हरी मिर्च छाप” पर मुहर लगाकर संजीव कुमार को भारी मतों से विजयी बनाएगी।
सूबे की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार डर और दबाव में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनाव को गैर-दलीय आधार पर कराने का निर्णय एक सोची-समझी साजिश के तहत लिया गया, लेकिन भाजपा के आंदोलन के दबाव में सरकार को चुनाव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।
महापौर पद के झामुमो समर्थित प्रत्याशी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं पूर्व की भाजपा सरकारों की देन हैं। उन्होंने कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भ्रष्टाचार मुक्त शासन और कानून का राज था, जबकि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और विधि व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
उन्होंने हाल ही में डॉक्टर मिहिर के घर पर धमकी भरा पोस्टर लगाए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है।
प्रेसवार्ता में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, गणेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष श्रवण राय, राजकुमार अग्रवाल, मीडिया प्रभारी पंकज सिन्हा उर्फ कुमार अमित, मानस प्रसून, मिल्टन पार्थसार्थी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top