


मधुबन मोड़ के पास सड़क हादसा, बाइक चालक की मौत

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित मधुबन मोड़ के आसपास शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
बताया जाता है कि तेज गति से आ रही चारपहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक चालक दुर्घटना का शिकार हो गया। विपरीत दिशा से आ रही दोनों गाड़ियों के बीच सीधी टक्कर हुई, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया तथा चारपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाइक चालक को इलाज के लिए गिरिडीह भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हुई है और उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जानकारी एकत्र कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




