महाशिवरात्रि से पूर्व बाबा धाम में निभाई गई परंपरा, प्रशासन की निगरानी में उतारा गया पवित्र पंचशूल

Advertisements

महाशिवरात्रि से पूर्व बाबा धाम में निभाई गई परंपरा, प्रशासन की निगरानी में उतारा गया पवित्र पंचशूल

डीजे न्यूज, देवघर : महाशिवरात्रि के अवसर पर परंपरा के अनुसार बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर एवं माता पार्वती मंदिर के शिखर पर स्थापित पवित्र पंचशूल को आज महाशिवरात्रि से पूर्व विधिवत रूप से उतारा गया। यह कार्य उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ की निगरानी में संपन्न हुआ।

पंचशूल उतरते ही मंदिर परिसर में भक्तों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालु पंचशूल के दर्शन और स्पर्श के लिए उत्साहित नजर आए। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

विदित है कि पंचशूल को विधिवत पूजा-पाठ के उपरांत पुनः महाशिवरात्रि के दिन मंदिर शिखर पर स्थापित किया जाएगा। पंचशूल उतारने के पश्चात महाशिवरात्रि से पूर्व श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती का गठबंधन नहीं कर सकेंगे।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर बाबा मंदिर, शिवगंगा, मंदिर परिसर एवं शिव बारात रूट लाइन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। साथ ही देवघर शहर में मंदिर की साफ-सफाई, साज-सज्जा एवं आकर्षक सजावट का कार्य भी विशेष रूप से कराया जा रहा है।
ज्ञातव्य है कि वर्ष में केवल एक बार, महाशिवरात्रि से ठीक दो दिन पूर्व बाबा बैद्यनाथ और माता पार्वती मंदिर के शिखर पर स्थित पंचशूल को उतारने की परंपरा निभाई जाती है। पंचशूल उतारने के बाद दोनों पंचशूलों को आपस में मिलाकर एक साथ रखा जाता है। यह अलौकिक दृश्य और परंपरा केवल बैद्यनाथ धाम में ही देखने को मिलती है, जिसके साक्षी बनने हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटते हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, स्थानीय लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top