



जनसंपर्क में सामने आई सिरसिया की बदहाल सड़कें, डॉ. शैलेन्द्र चौधरी ने दिया प्राथमिक समाधान का भरोसा

डीजे न्यूज, गिरिडीह:
गिरिडीह नगर निगम चुनाव 2026 के तहत प्रातःकालीन जनसंपर्क अभियान के दौरान महापौर पद के प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र कुमार चौधरी ने सिहोडीह, पटेल नगर, सिरसिया एवं शीतलपुर क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनसंपर्क के क्रम में क्षेत्रवासियों ने विशेष रूप से सिरसिया क्षेत्र की जर्जर और बदहाल सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि सड़कें अत्यंत खराब स्थिति में हैं, जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और उड़ती धूल से पूरा इलाका प्रभावित है।

स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चे एवं छात्र-छात्राएँ आवागमन करते हैं। अत्यधिक धूल के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और सांस से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं। अभिभावकों ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

डॉ. शैलेन्द्र कुमार चौधरी ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि चुनाव में विजय के बाद सिरसिया सहित सभी वार्डों की जर्जर सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षित आवागमन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि मिल-जुलकर ही गिरिडीह को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर बनाया जा सकता है।




