



पाकिस्तान में छुपे गैंगस्टर प्रिंस खान का करीबी किशन खान रांची से गिरफ्तार

बरवाअड्डा थाना कांड में था फरार
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 297/2025 और कांड संख्या 11/2026 में फरार चल रहे कुख्यात अपराधकर्मी किशन खान उर्फ तसलीम खान को पुलिस ने रांची से गिरफ्तार किया है। आरोपी कुर्मीडीह, बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का निवासी है और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी।
शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रांची में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा और बरवाअड्डा थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान किशन खान ने दोनों मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह कुख्यात अपराधी प्रिन्स खान के लिए काम करता था। वह गिरोह के सदस्यों को रंगदारी वसूली के लिए व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था, अपराधियों को आश्रय देता था, वित्तीय सहायता करता था और रंगदारी से अर्जित अवैध रकम को जमीन और अन्य व्यवसाय में निवेश करता था।
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
किशन खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बरवाअड्डा थाना में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2025 और 2026 के कांड शामिल हैं।
धनबाद पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
विदित हो कि प्रिंस खान के पाकिस्तान में छुपे होने की बात हाल के दिनों में सामने आई है।




