



प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया पर एमसीएमसी की नजर

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिला जनसंपर्क कार्यालय में मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) कोषांग का गठन किया गया है। कोषांग में 24 घंटे प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा चुनाव को लेकर प्रसारित एवं प्रचारित पेड न्यूज़, फेक न्यूज पर नजर रखी जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं स्वतंत्र चुनाव करना आयोग का उद्देश्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी मीडिया प्लेटफॉर्म पर, विशेष कर सोशल मीडिया में, किसी धर्म, जाति, समुदाय इत्यादि को आहत करने वाले समाचार को पत्रकारिता आचरण 2022 का उल्लंघन माना जाएगा। चुनाव आयोग ने भी स्पष्ट दिशा निर्देश देते हुए इसे एमसीएमसी का उल्लंघन मानकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इसलिए मीडिया को इसके मानदंडों का पालन करना है। सोशल मीडिया को स्वतंत्रता एवं निष्पक्ष निर्वाचन की भावना बनाए रखते हुए समाचारों का प्रसार करना है। चुनाव आयोग की व्यवस्था को लेकर फेक या भ्रामक समाचार को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा।




