
ईसाई धर्म अपनाने से संथालियों में आक्रोश
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : क्षेत्र के कुसबेरिया स्थित खेरबन गांव में एक संथाल आदिवासी परिवार के ईसाई धर्म अपना लेने के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मालूम हो कि सुखलाल हंसदा, उनकी पत्नी और पुत्र ने एक साल पूर्व ईसाई धर्म अपना लिया था। उनके परिजन और गांव वालों को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने सुखलाल को बहिष्कृत कर दिया। अब उनके परिजन और संबंधियों द्वारा अन्य धर्म अपनाने वाले सुखलाल हंसदा के नाम श्राद्ध कर्म करने का विचार किया जा रहा है। इस संबंध में आज सोमवार को ग्रामीणों की बैठक होनी थी, लेकिन कुछ कारणों से यह बैठक नहीं हो सकी। मंगलवार को इस सिलसिले में ग्रामीणों की बैठक रखी गई है। ईसाई धर्म अपनाने वाला सुखलाल हंसदा फिलहाल अपने ससुराल सिंदरी स्थित नीमटाड़ में रहने की बातें कही जा रही हैं।