गिरिडीह नगर निकाय चुनाव : नाम वापसी के बाद 350 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

Advertisements

गिरिडीह नगर निकाय चुनाव : नाम वापसी के बाद 350 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

मेयर के लिए 16, बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष 17 एवं धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 14 प्रत्याशी

नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत नाम निर्देशन एवं नाम वापसी की प्रक्रिया को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की प्रक्रिया एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी। उन्होंने बताया कि आज नाम निर्देशन एवं नाम वापसी की अंतिम तिथि थी।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जानकारी दी कि गिरिडीह नगर निगम के महापौर पद के लिए कुल 19 नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 03 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। नाम वापसी के बाद कुल 16 अभ्यर्थी मैदान में हैं, जिनमें 02 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 19 नामांकन दाखिल किए गए थे, जिनमें 02 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। नाम वापसी के उपरांत कुल 17 अभ्यर्थी शेष हैं। वहीं धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कुल 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है।
उपायुक्त ने नगर निगम के सभी 36 वार्डों में प्राप्त नामांकन, नाम वापसी के बाद शेष अभ्यर्थियों एवं महिला प्रत्याशियों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नगर निकाय के सभी वार्डों से कुल 370 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 20 अभ्यर्थियों ने नाम वापस लिया। नाम वापसी के उपरांत कुल 350 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 166 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
इसके अलावा उपायुक्त ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के लिए जिले में कुल 166 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 58 अतिसंवेदनशील, 35 संवेदनशील एवं 04 सामान्य श्रेणी के मतदान केंद्र शामिल हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर से पर्याप्त पुलिस बल एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता के तहत प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, सोशल मीडिया, केबल नेटवर्क, बल्क एसएमएस एवं वॉयस मैसेज से संबंधित प्रचार-प्रसार एवं विज्ञापन प्रकाशन के लिए जारी दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बिना MCMC कोषांग की अनुमति किसी भी प्रकार का राजनीतिक विज्ञापन प्रकाशित या प्रसारित करना पेड न्यूज की श्रेणी में आएगा। (MCMC) कोषांग सूचना भवन, गिरिडीह में 24×7 कार्यरत रहेगा।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top