



चालू फीडर ब्रेकर को बंद करने के खिलाफ कोलकर्मी आंदोलन पर उतरे

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र अंतर्गत केसी लिंक साइडिंग के समीप स्थित चालू फीडर ब्रेकर को बंद करने की सूचना मिलते ही शुक्रवार की दोपहर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जोरदार विरोध-प्रदर्शन हुआ। लगभग 12 बजे के आसपास फीडर ब्रेकर में कार्यरत कर्मियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने बीसीसीएल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि प्रबंधन ने कमीशनखोरी के चक्कर में मोबाइल फीडर ब्रेकर मंगाया है। इसे कई स्थानों पर लगाने और चलाने का प्रयास किया गया, लेकिन हर जगह तकनीकी अड़चनें सामने आईं। असफलता से चिड़चिड़े हुए प्रबंधन ने अब सुचारू रूप से संचालित हो रहे केसी लिंक साइडिंग के फीडर ब्रेकर को बंद कर मोबाइल फीडर ब्रेकर लगाने की योजना बनाई। कर्मियों का आरोप है कि प्रबंधन ने इस चालू फीडर ब्रेकर को स्क्रैप के रूप में काटने की कोशिश शुरू कर दी थी, लेकिन कर्मियों की सजगता और संयुक्त मोर्चा के जोरदार विरोध के कारण प्रबंधन को पीछे हटना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन की मंशा को कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पूरे एरिया वन क्षेत्र में चक्का जाम आंदोलन कर फीडर ब्रेकर को बचाने की लड़ाई लड़ी जाएगी। विरोध-प्रदर्शन में श्रमिक नेता जेके झा, देवानंद राजभर, दयाल महतो, संतोष पंडित, राम दुलार, अमृत बेलदार, राम कुमार दास सहित कई अन्य कर्मी और यूनियन नेता शामिल रहे।




