



पूर्व विधायक संजीव सिंह से मिला अस्पताल कर्मियों का प्रतिनिधिमंडल

डीजे न्यूज, धनबाद: एसएनएमएमसीएच अस्पताल के कर्मचारियों प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर झरिया के पूर्व विधायक एवं धनबाद नगर निगम के महापौर प्रत्याशी संजीव सिंह से मिला। इस दौरान कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में हो रही अनियमितता, सेवा शर्तों में सुधार, स्थायीकरण, कार्यस्थल की मूलभूत सुविधाओं की कमी सहित अन्य लंबित मांगों से उन्हें अवगत कराया।
कर्मचारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संजीव सिंह ने कहा कि कर्मचारी स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं और उनकी उपेक्षा किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनप्रतिनिधि के रूप में वे कर्मचारियों की जायज मांगों को संबंधित विभाग एवं सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर संजीव सिंह ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो धनबाद के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करना और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।




