



देवरी में भीषण आगलगी, तीन भाइयों के घर व पांच लाख की संपत्ति राख
डीजे न्यूज, देवरी(गिरिडीह) : देवरी प्रखंड के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत झगरुडीह गांव निवासी मुमताज अंसारी, शमीम अंसारी व सगीर अंसारी के घर बीते मंगलवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस आगलगी की घटना में घर में रखा कपड़ा, चावल, आलू, घरेलू सामान, जमीन के कागजात, बैंक व सर्विस से जुड़े जरूरी दस्तावेज सहित तीनों भाइयों की पत्नियों के जेवरात जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से घर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। आग लगने के कारणों का पता समाचार लिखे जाने तक नहीं चल सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि घर में रखे बिचाली में किसी ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगी, जिससे देखते ही देखते पूरे घर में लपटें फैल गईं।
आग लगने के बाद देर रात तक ग्रामीणों ने पंप सेट मशीन लगाकर आग बुझाने का अथक प्रयास किया, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। बाद में अग्निशमन वाहन को बुलाकर आग बुझाने का कार्य किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भेलवाघाटी थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार बंधु कच्छप, 20 सूत्री प्रखंड अध्यक्ष बिमल कुमार सिंह, सदीक अंसारी, अकबर अंसारी सहित कई समाजसेवी व जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। पीड़ित शमीम अंसारी ने बताया कि तीनों भाइयों के घर में रखे जेवरात, कपड़े, नगदी व जरूरी दस्तावेज समेत करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।





