


















































जनता दरबार में उपायुक्त ने जनता दरबार में कई मामलों का किया निष्पादन

डीजे न्यूज, गिरिडीह :
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की शिकायतें एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवेदन पर संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार के दौरान कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें बिजली बिल, भूमि विवाद, पेंशन, पारिवारिक विवाद, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आवास, राशन कार्ड एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित मामले प्रमुख रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव है, उनका नियमानुसार मौके पर ही निपटारा किया जाए। इस क्रम में कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन भी किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता दरबार के माध्यम से आमजन को न्याय एवं राहत पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।



