

























































दीपक का फाइल फोटो

बलियापुर में सड़क हादसा, सिजुआ के जेएलकेएम कार्यकर्ता दीपक की मौत
विधायक जयराम, पूर्व विधायक जलेश्वर समेत अन्य ने जताया शोक
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के हीरक रोड स्थित पलानी के पास गुरुवार की शाम सड़क दुर्घटना में जख्मी हुए स्कूटी सवार 35 वर्षीय दीपक कुमार महतो की मौत इलाज के दौरान हो गई। वह टाटा सिजुआ 12 नंबर का रहने वाला था। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के संस्थापक सदस्य दीपक शक्ति सेना करम महोत्सव के पदाधिकारी भी थे। मृत दीपक स्कूटी से धनबाद के कुसुम विहार से बलियापुर के बेलगड़िया गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां आ रहा था। पलानी स्थित केरोसिन डिपो के पास उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बेहोशी की हालत में उसे इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टाटा सिजुआ में पसरा मातम
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव टाटा सिजुआ 12 नंबर स्थित गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजनों के करुण क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो गई। मृत दीपक के पिता रामप्रसाद महतो टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मी हैं। मृत दीपक की तीन साल की वच्ची है। दीपक की मां व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। तेलमोच्चो स्थित दामोदर नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया गया।

विधायक समेत अन्य ने जताया शोक
डुमरी विधायक सह जेएलकेएम सुप्रीमो विधायक जयराम महतो, बाघमारा के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो, आजसू जिलाध्यक्ष मंटू महतो, निवर्तमान पार्षद धर्मेंद्र महतो, झामुमो कतरास नगर अध्यक्ष सुमित महतो, भाजपा के सिनीडीह मंडल अध्यक्ष सोनू श्रीवास्तव, जेएलकेएम नेता दीपक रवानी, आजसू के प्रदीप महतो, शक्ति महतो, कपुरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि दिनेश महतो आदि मृत दीपक के आवास पहुंचे और शोक संतृप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।



