

























































नगर निगम के सफाई कर्मियों का धरना खत्म

रेमकी कंपनी ने मांगों पर जताई सहमति, दो मृतकों के आश्रित को नियोजन मिलेगा
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम के सफाई कर्मियों का धरना शुक्रवार को खत्म हो गया। रेमकी कंपनी के करीब 550 सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर जनता श्रमिक संघ के बैनर तले आंदोलनरत थे। झरिया विधायक सह संघ महामंत्री रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह के हस्तक्षेप के बाद कंपनी के अधिकारियों के साथ घंटों वार्ता हुई। वार्ता में मांगों पर सहमति जताई गई।
जानकारी देते हुए विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम के प्रशासक मजदूरों के हित के लिए कोई भी काम नहीं करते हैं, जिसकी वजह से आज मजदूरों को यह कदम उठाना पड़ा। जबकि मजदूरों की मांग जायज है, उनके हक और अधिकार के लिए संघ हमेशा उनके साथ है। उन्होंने कहा कि आज मजदूर की मांगों को लेकर प्रबंधन से हुई वार्ता सफल रही और कंपनी के द्वारा सभी मांगों को मान लिया गया है।
बता दें कि नगर निगम के सफाई कर्मियों और नगर निगम की आउटसोर्स कंपनी रेमकी प्रबंधन के साथ ओवर टाइम, मजूदरी के साथ दुर्व्यवहार और दो कर्मियों की मौत के बाद उनके आश्रितों को नियोजन को लेकर तनातनी चल रही थी। जिसकों लेकर सफाई कर्मी पिछले चार दिनों से नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे थे।
संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह, लक्की सिंह, संजय यादव, शैलेन्द्र सिंह उर्फ छोटू , हुजैफा अंसारी, धीरज यादव, सुनील कुमार वर्मा, रॉबिन गयाली, सन्नी सिंह, प्रेम प्रकाश पासवान, सतेंद्र नोनियां, राजेश रजक, रोहित सिन्हा मौजूद रहे।



