केंदुआडीह गैस रिसाव: विधायक राज ने किया स्थलीय निरीक्षण जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : राज सिन्हा

Advertisements

केंदुआडीह गैस रिसाव: विधायक राज ने किया
स्थलीय निरीक्षण

जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : राज सिन्हा

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने बुधवार को केंदुआडीह राजपूत बस्ती पहुँचकर कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी अत्यंत घातक गैस के रिसाव से उत्पन्न गंभीर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए बोर होल कार्य की प्रगति का उन्होंने गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सिन्हा ने प्रभावित स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी पीड़ा, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं भयावह परिस्थितियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के जीवन से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और इस संकट की घड़ी में शासन-प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ आमजन के साथ खड़ा है।
इस अवसर पर केंद्रीय खनन एवं ईंधन अनुसंधान संस्थान (सीएमएफआरआई/सिंफर) के वैज्ञानिकों के साथ विस्तृत तकनीकी चर्चा करते हुए विधायक ने गैस रिसाव की रोकथाम हेतु अपनाए जा रहे वैज्ञानिक उपायों, सुरक्षा मानकों एवं भावी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
राज सिन्हा ने कहा कि जनसुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे स्वयं इस पूरे कार्य की सतत निगरानी करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपायों के माध्यम से शीघ्र ही केंदुआडीह क्षेत्र के नागरिकों को इस गंभीर संकट से स्थायी राहत प्राप्त होगी।
इस निरीक्षण के दौरान राजेश गुप्ता, तमाल राय, मोनू पाठक, नवीन पंडित, नवीन वर्मा, राजा चौरसिया, सचिन पासवान, अनिल वर्मा, विधान कुमार, विक्रम रवानी, अजय पासवान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top