


पीरटांड़ में भीषण सड़क हादसा : पत्नी की मौत, पति की हालत गंभीर

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग पर पांडेडीह के समीप शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत महिला की पहचान चमेली सुमन (23 वर्ष) के रूप में हुई है, वहीं घायल युवक उसका पति सुधीर कुमार राणा (25 वर्ष) बताया गया है, जिसका इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग व राहगीर घायलों को बचाने में जुट गए। समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण घायल युवक और मृत महिला को अन्य वाहन से गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, क्योंकि घटनास्थल पर महिला की मौत की औपचारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक बगोदर थाना क्षेत्र के अटका पंचायत अंतर्गत बूढ़ा चांच गांव का निवासी है। वह अपनी पत्नी के साथ बूढ़ा चांच से गिरिडीह में आयोजित लोक अदालत में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान गिरिडीह की ओर से आ रही टाटा पंच नामक चारपहिया वाहन से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने टाटा पंच वाहन और बाइक—दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। तीनों वाहनों की आपसी भिड़ंत में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शी पीरटांड़ के कनीय अभियंता मनोवर आलम ने घटना की सूचना संबंधित जगहों पर पहुंचाई। मामले की जानकारी मिलते ही पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भिजवाया, वहीं मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टाटा पंच वाहन, ट्रक और बाइक—तीनों को जब्त कर थाना ले जाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले टाटा पंच वाहन ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे हादसा हुआ। वहीं घायल युवक ने भी बयान दिया है कि टाटा पंच कार ने ही जल्दबाजी में आगे बढ़ते हुए उसकी बाइक को टक्कर मारी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




