



नेताओं में विजन की कमी से 25 साल बाद भी झारखंड रह गया पीछे

आजसू नेता दामोदर महतो की श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए विधायक जयराम महतो व आजसू के पूर्व विधायक लंबोदर महतो
डीजे न्यूज, निमियाघाट (गिरिडीह) : इसरी बाजार हटियाटांड़ स्थित आजसू पार्टी के डुमरी विधानसभा के प्रभारी यशोदा देवी के आवासीय कार्यालय में झारखंड आंदोलनकारी रहे दामोदर महतो की सातवीं पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी यशोदा देवी, डुमरी विधायक जयराम महतो, गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो समेत बड़ी संख्या में लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही झारखंड के 25वें स्थापना दिवस व बिरसा मुंडा की जयंती पर बिरसा मुंडा के फोटो पर भी माल्यार्पण किया। इस मौके पर विधायक जयराम महतो ने अलग झारखंड में आंदोलनकारी दामोदर महतो के योगदान को याद किया। साथ ही कहा कि झारखंड ने 25 वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव देखा है, लेकिन जिस मकसद से झारखंड राज्य अलग बना उससे आज कोसों दूर है। इसको लेकर उन्होंने राजनेताओं में विजन का अभाव बताया है। कहा कि विजन नहीं होने के कारण राज्य का विकास की गति जिस तरह से मिलना चाहिए वह नहीं मिल पाया है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने तेलंगाना राज्य का नाम लिया और कहा कि तेलंगाना झारखंड के बाद अलग हुआ लेकिन आज तेलंगाना का जीडीपी टॉप फाइव में रहता है। वहीं गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने बिहार से अलग हुए झारखंड राज्य के आंदोलन में दामोदर महतो के सहयोग को याद करते हुए कहा कि आज जिस मकसद से झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया गया था, वह मकसद पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का झारखंड बनने का जो सपना देखा गया था वह पूरा नहीं हुआ है। आज राज्य में बेरोजगारी पलायन भ्रष्टाचार के मुद्दे को झारखंड के विकास में बड़ा बाधा बताया है। वहीं उन्होंने राज्य वासियों से सड़क पर उतरकर संघर्ष करने की बात कही है। लंबोदर महतो ने कहा कि आज पूरे राज्य की जनता भ्रष्टाचार की चक्की में फीस रही है। मौजूदा राज्य सरकार अपने 11 महीने के कार्यकाल में 12 बड़े-बड़े घोटाले किया है। इसमें उन्होंने टेंडर घोटाला, जीएसटी घोटाला, वन भूमि घोटाला का हवाला दिया है। इसके खिलाफ उन्होंने राज्य वासियों से मुहिम छेड़ने का आग्रह किया और कहा की जब तक राज्यवासी इसको लेकर संघर्ष नहीं करेंगे तब तक राज्य का विकास संभव नहीं हो पाएगा। श्रद्धांजलि सभा के दौरान यशोदा देवी ने दामोदर महतो की सातवीं पुण्यतिथि पर वर्तमान सांसद और विधायक से इसरी बाजार चौक पर दामोदर महतो की प्रतिमा लगाने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में अनूप पांडेय, छक्कन महतो, प्रदीप मंडल, भोला सिंह, प्रियंका शर्मा, अलाउद्दीन अंसारी, मिश्रीलाल महतो, जितेंद्र महतो ,प्रदीप महतो, दीपक महतो, मोतीलाल महतो, पप्पू कुमार, शंभू महतो ,दुलारचंद महतो, डिलचंद महतो, सहित बड़ी संख्या में आजसू कार्यकर्ता मौजूद थे।
