


गिरिडीह में सांसद खेल महोत्सव की तैयारी जोरों पर, उप नगर आयुक्त ने किया झंडा मैदान का निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आगामी 17, 18 और 19 नवंबर को होने वाले सांसद खेल महोत्सव की तैयारी जोरों पर है। मंगलवार को कार्यक्रम स्थल झंडा मैदान का निरीक्षण उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि सह आजसू जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव, अर्बन प्लानर नगर निगम मंजूर आलम समेत अन्य लोग मौजूद थे।
निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त ने साफ-सफाई और लाइट की व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। गुड्डू यादव ने बताया कि सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि झंडा मैदान का निरीक्षण कराने के लिए उप नगर आयुक्त से आग्रह किया गया था।
उप नगर आयुक्त ने कहा कि पिछले एक महीने से झंडा मैदान में मेला चल रहा था, जिसके कारण निरीक्षण नहीं हो पाया था। मैदान में गंदगी पाई गई है, जिसे साफ कराया जाएगा और बंद लाइट को भी दुरुस्त किया जाएगा।