
सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता के साथ मना बाहा पर्व
डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : पारसनाथ पहाड़ पर बाहा पर्व सम्पन्न होने के बाद संथाल समाज ने गांवों में भी बाहा पर्व मनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को करणदो गांव में बाहा पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एकत्रित हुए और धार्मिक परंपराओं का पालन किया।
पर्व की शुरुआत पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक विधियों से हुई। इसके बाद सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न टीमों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा।
प्रतियोगिता में विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया गया।
गयचौथा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
डंडा टांड की टीम को द्वितीय स्थान मिला।
कोड़ा डीह की टीम तृतीय स्थान पर रही।
राजो की टीम को चतुर्थ पुरस्कार दिया गया।
विजयी टीमों को पुरस्कार स्वरूप मांदर और नगाड़ा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन चिलगा मुखिया पति संजय मरांडी के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि बाहा पर्व संथाल समाज की संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाता है।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ पर्व में भाग लिया और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का संकल्प लिया।