

स्वरूप सविमं टुंडी के भैया-बहनों ने लहराया परचम,
राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बनाई जगह
डीजे न्यूज, धनबाद: विद्या भारती से संबद्ध विद्या विकास समिति द्वारा आयोजित 36 वें क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धा में स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर टुंडी ने परचम लहराकर राष्ट्रीय एथलेटिक्स के लिए अपनी जगह बना ली है। बिहार के पूर्णिया में 7 से 9 अक्टूबर तक हुई क्षेत्रीय प्रतिस्पर्धा में स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर रतनपुर टुंडी के बाल – किशोर वर्ग के भैया- बहनों ने शानदार प्रदर्शन के साथ 11 स्वर्ण, 4 रजत एवं 3 कांस्य पदक हासिल किया। गौतम महतो ने ऊंची कूद एवं लंबी कूद में स्वर्ण पदक , चांदनी कुमारी ने डिस्कस थ्रो एवं शॉटपुट में स्वर्ण पदक, नव्या कुमारी ने 80 मीटर बाधा दौड़ एवं 4 × 100 रिले दौड़ में रजत पदक , उमेश मरांडी ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक एवं 4 × 100 रिले दौड़ में स्वर्ण पदक , महंतो मरांडी ने 400 मीटर दौड़ मे कांस्य पदक, प्रिंस हॉंसदा ने शॉट पुट एवं डिस्कस थ्रो में रजत पदक, किशोर वर्मा एवं भैया रितेश मंडल ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक व डिस्कस थ्रो में रजत पदक, दीप्ति प्रभा ने 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक, 200 मीटर दौड़ में रजत पदक, 4 ×400 रिले दौड़ में स्वर्ण पदक एवं 4 × 100 रिले दौड़ में स्वर्ण पदक, सीमा सोरेन ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक व 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त कर विद्या मंदिर को गोरवान्वित किया।
विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष शरत दुदानी, सचिव शैलेश अग्रवाल व सदस्य विक्रांत उपाध्याय ने इस उपलब्धि पर विजेताओं और प्रशिक्षक को बधाई दी है। साथ ही 10 अक्टूबर को बहन की टीम राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल खेलने के लिए श्रीधाम, गोटेगांव,जबलपुर, मध्य प्रदेश एवं 28 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर की एथलेटिक्स पर विद्या मंदिर के बाल – किशोर वर्ग के छह भैया-बहन बेंगलुरु जायेंगे, उन्हें भी शुभकामनाएं दी है।
