मरांग बुरू बाहा पर्व में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार, पर्व को राजकीय महोत्सव बनाने की पहल

Advertisements

मरांग बुरू बाहा पर्व में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार, पर्व को राजकीय महोत्सव बनाने की पहल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : 

पीरटांड प्रखंड के पारसनाथ पहाड़ स्थित दिशोम मांझीथान में आयोजित चार दिवसीय मरांग बुरू बाहा पर्व 2025 के दूसरे दिन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार और गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने पूजा स्थल एवं कार्यक्रम स्थल का दौरा कर आयोजन का जायजा लिया।

 

बाहा पर्व के लिए पहली बार मिला सरकारी बजट

उपायुक्त ने बताया कि बाहा पर्व को राजकीय महोत्सव घोषित करने की प्रक्रिया जारी है। पहली बार इस आयोजन के लिए पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा रु. 12,33,100/- की राजकीय सहायता प्रदान की गई है।

 

धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध – मंत्री

 

मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए राज्य सरकार आगे भी वित्तीय एवं प्रशासनिक सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने इस पर्व के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इससे इस सांस्कृतिक आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक अनुष्ठान को स्थानीय परंपरा के अनुरूप श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाए।

 

आगामी वर्षों में होगा और भव्य आयोजन

 

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि कार्यक्रम की समाप्ति के बाद इसकी समीक्षा की जाएगी और भविष्य में इसे और भव्य बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

 

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

 

इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरटांड, अंचल अधिकारी पीरटांड के अलावा मरांग बुरू संस्थान के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आदिवासी संथाल धर्मावलंबी उपस्थित रहे।

 

सरकार की इस पहल से मरांग बुरू बाहा पर्व को राजकीय महोत्सव का दर्जा मिलने की संभावना बढ़ गई है, जिससे इस सांस्कृतिक पर्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top