

देवघर में उप विकास आयुक्त ने लगाया जनता दरबार, कई समस्याओं का सामाधान
डीजे न्यूज, देवघर :
जिलेवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार मंगलवार को समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने की।
जनता दरबार में जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने राजस्व, पुलिस विभाग, लगान रसीद, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, आधार कार्ड, पेंशन, आवास, बिजली, फसल बीमा, गंभीर बीमारी सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएँ रखीं।
उप विकास आयुक्त ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याएँ ध्यानपूर्वक सुनीं और मौके पर कई मामलों का समाधान कराया। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएँ, ताकि शिकायतों की निगरानी की जा सके।
जनता दरबार के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी शैलेश प्रियदर्शी, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक, सहायक नगर आयुक्त, विद्युत विभाग के पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से 11:30 बजे तक समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित किया जाता है।
