

जंगल में पेड़ से लटकता मिला महिला का शव, पुलिस जाँच में जुटी
डीजे न्यूज, टुण्डी,धनबाद :
टुण्डी प्रखण्ड के पश्चिमी क्षेत्र स्थित मनियाडीह थाना अंतर्गत जाताखुंटी पंचायत के केन्दुआटांड़ गांव से सटे जंगल में रविवार की सुबह एक महिला का शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद हुआ।
छानबीन के क्रम में मृतका की पहचान कोलहर गांव के तेतरियाटांड़ टोला निवासी सुरेश हेम्ब्रम की 22 वर्षीय पत्नी सुमित्रा मुर्मू के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। सूचना मिलते ही मनियाडीह पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से शव को पलाश के पेड़ से नीचे उतारा। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा गया।
मृतका मूल रूप से गाण्डेय प्रखण्ड के बरमसिया पंचायत अंतर्गत तीनपतली गांव की रहने वाली थी। उसका विवाह वर्ष 2020 में सुरेश हेम्ब्रम से हुआ था और उसका एक दो वर्षीय पुत्र भी है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि मृतका एक दिन पूर्व से ही घर से लापता थी और परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। फिलहाल यह मामला हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
