
अमेरिका में प्रवासी भारतीयों के अपमान के खिलाफ भाकपा (माले) का बिहार विधान मंडल में जोरदार प्रदर्शन
डीजे न्यूज, पटना : बिहार विधान मंडल के पहले दिन भाकपा (माले) के सभी विधायकों ने सदन के गेट से लेकर पोर्टिको तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य अमेरिका में प्रवासी भारतीयों के साथ किए गए अपमानजनक व्यवहार का विरोध करना था।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार को घेरते हुए सवाल किया कि “मोदी सरकार इस गंभीर मुद्दे पर चुप क्यों है?” भाकपा (माले) के विधायकों ने कहा कि भारत के स्वाभिमान पर किसी भी प्रकार का हमला देश को स्वीकार नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने सरकार से अमेरिका के इस व्यवहार की निंदा करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाकपा (माले) के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
सदन के बाहर भाकपा (माले) विधायकों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि “प्रवासी भारतीयों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे” और सरकार से इस मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।