





झामुमो कार्यकर्ताओं ने जमुआ में दिशोम गुरु को किया नमन

संघर्ष और बलिदान को याद कर लिया उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जमुआ प्रखंड के कारोडीह स्थित पूर्व विधायक केदार हाजरा के आवासीय कार्यालय में गुरुवार को झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और “जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा तेरा नाम रहेगा” तथा “दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें” के नारों के साथ भावभीनी विदाई दी गई।
सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने दिशोम गुरु के जीवन, संघर्ष और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल झारखंड आंदोलन के पुरोधा थे, बल्कि वे आदिवासी समाज, शोषित-वंचित वर्गों और झारखंडी अस्मिता के प्रतीक भी थे। उनका जीवन संघर्ष और बलिदान की मिसाल है। आज का यह श्रद्धांजलि सभा हमारी प्रतिबद्धता है कि हम उनके सपनों का झारखंड बनाएंगे।”
झामुमो गिरिडीह के प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा, “दिशोम गुरु सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि एक आंदोलन थे। उनका संघर्ष और बलिदान हमेशा अमर रहेगा।” सभा में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा में प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार, प्रखंड सचिव रोजन अंसारी, वरिष्ठ नेता रामानंद सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष जुनैद आलम, उप प्रमुख रब्बुल हसन रब्बानी, उपाध्यक्ष केदार यादव, उपाध्यक्ष कामदेव चौधरी, वरीय नेता दिनेश मंडल, पूर्व अध्यक्ष राज कुमार राय, मनोज पांडेय, सुचित कुमार साव, ताहिर अंसारी, लखन यादव, मो. जाहिद, प्रभाकर, राजू यादव, इसराइल, ओम प्रकाश महतो, मो. हनीफ, अहमद रजा नूरी, सद्दाम हुसैन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।














































