
गुरुजी का पार्थिव शरीर लाया गया रांची आवास, अंतिम दर्शन के लिए सड़क पर उमड़ पड़े थे लोग,
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस अध्यक्ष से लेकर दर्जनों सांसदों व आला नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को लेकर रांची एयरपोर्ट से मोरहाबादी स्थित आवास के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं दुमका के विधायक बसंत सोरेन शाम करीब सात बजे निकले। शिबू सोरेन जी के पार्थिव शरीर को बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची से मोरहाबादी स्थित आवास लाने के क्रम में सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों की संख्या में लोगों ने अंतिम नमन किया। लोग काफी भावुक थे और हाथ जोड़कर गुरूजी का अंतिम नमन कर रहे थे।
इसके पूर्व राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री ने दुःख की इस घड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और अन्य परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना ईश्वर से की। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन जी के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से मिलकर अपनी संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना ईश्वर से की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी सर गंगा राम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो ने भी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी।
गिरिडीह के आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी वहां शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी।