
ग्लोबल वार्मिंग के मॉडल को विज्ञान प्रदर्शनी में मिला प्रथम पुरस्कार
उत्क्रमित मध्य विद्यालय खेतटांड़ बलियापुर में प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद : बलियापुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय खेतटांड़ में आज मंगलवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान एवं नवाचार के तहत प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने-अपने वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए।
विज्ञान प्रदर्शनी में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, बलियापुर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ग्लोबल वार्मिंग से संबंधित मॉडल को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्क्रमित हाई स्कूल, कर्माटांड़ के छात्रों द्वारा बनाया गया विंड मिल मॉडल द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि मध्य विद्यालय, पलानी के छात्रों द्वारा मानव फेफड़े पर आधारित मॉडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्विज प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के करीब 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में कुशमाटांड़ स्कूल के रमन पांडे ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान बीआरसी बलियापुर के नारायण पंडित, शंकर चंद्र गोराय, तारिणी कुमार रवानी, साधन मंडल और संजय कुमार महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों की रचनात्मकता और विज्ञान के प्रति रुचि की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।