दो विधानसभा चुनावों में हार के बावजूद कार्यकर्ताओं ने नहीं हारी हिम्मत : बाबूलाल

Advertisements

दो विधानसभा चुनावों में हार के बावजूद कार्यकर्ताओं ने नहीं हारी हिम्मत : बाबूलाल  

 झारखंड में जनता त्रस्त है और मंत्री मस्त हैं : मरांडी

डीजे न्यूज, जामताड़ा : दुमका से रांची जाते वक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुंडहित मोड़ पर जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए राज्य सरकार पर भी तीखा हमला बोला।

मंगलवार को दुमका से रांची जाते समय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का कुंडहित मोड़ पर जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लगातार जनसेवा कर रहे हैं, यह अत्यंत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि दो विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी है और समाज के बीच जाकर जनता की समस्याएं उठा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी जज्बे के साथ जनता के मुद्दों को लगातार उठाते रहें, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। इसी दौरान मरांडी ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार 2019 के चुनाव जीतने के बाद से हर मोर्चे पर विफल रही है और 2024 में दोबारा सत्ता में आने के बाद भी हालात नहीं बदले हैं। राज्य की शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली समेत सभी व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने कहा, “जनता त्रस्त है और मंत्री मस्त हैं।”

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पूरे राज्य में घूमकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, लेकिन जामताड़ा सदर अस्पताल की स्थिति बेहद खराब है। हाल ही में दो लोगों को सांप काटने की घटना में अस्पताल में एंटी वेनम तक उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते मरीजों को धनबाद रेफर करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपने पद का दुरुपयोग कर परिवार के सदस्यों को अस्पतालों में भेज रहे हैं, जबकि आम जनता बेहाल है। भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में नाला विधानसभा क्षेत्र में कमल जरूर खिलेगा।

इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री दिलीप हेमब्रम, नेता विष्णु मंडल, राजेंद्र राउत, मनोज गोस्वामी, अबीता हांसदा, सूरज झा, मंगल सोरेन, रंजीत तिवारी, लखिन्द्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top