सड़क हादसे में कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Advertisements

सड़क हादसे में कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

डीजे न्यूज, बेंगाबाद, गिरिडीह : गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर सोनबाद के पास शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह (57 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। वे झलकडीहा निवासी थे और लंबे समय तक प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी में सचिव के पद पर कार्यरत रहे थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ट्रक का चक्का ब्लास्ट होने से हुआ हादसा

 

मिली जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह किसी जमीन संबंधी कार्य से आवश्यक कागजात लेकर संबंधित कर्मी के पास गए थे। लौटते समय एक ट्रक का चक्का ब्लास्ट हो गया, जिससे वह चपेट में आकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के तुरंत बाद स्थानीय मुखिया पति चंद्रकांत मंडल समेत अन्य लोगों ने उन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह सदलबल अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजनों को सौंप दिया।

 

नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जताया शोक

 

सुरेंद्र सिंह के निधन की खबर सुनते ही कांग्रेस, झामुमो और भाजपा के कई नेता सदर अस्पताल पहुंचे और गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कांग्रेस नेता सह मोमिन कांफ्रेंस प्रदेश महासचिव मो. जैनुल अंसारी, कांग्रेस नेता शेखर सिंह समेत कई अन्य लोग मौजूद थे।

पैतृक आवास में उमड़ी भीड़, अंतिम दर्शन को जुटे लोग

 

शव को जब उनके पैतृक आवास झलकडीहा लाया गया, तो उन्हें अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उनकी पत्नी का कई साल पहले निधन हो चुका था। उनके दो पुत्र हैं।

 

राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने जताया शोक

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष नुनु राम किस्कू टाइगर, भाजपा नेता महेंद्र वर्मा, कांग्रेस नेता दीपक पाठक, प्रभारी मुखिया ममता मंडल, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री, नैशाब अहमद, जरूवाडीह मुखिया राजकुमार सिंह समेत कई अन्य राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top