
गंभरिया गांव में युवा शक्ति संगम का सेवा अभियान, जरूरतमंदों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान
सेवा ही लक्ष्य: मानवता की मिसाल बना कोलकाता की संस्था का प्रयास
डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह :
कोलकाता की सुप्रसिद्ध सामाजिक संस्था युवा शक्ति संगम ने गिरिडीह जिले के पिरटांड़ प्रखंड अंतर्गत गंभरिया गांव में सेवा और सद्भावना की अनूठी मिसाल पेश की। संस्था द्वारा गांव के जरूरतमंदों के बीच नि:शुल्क वस्त्र, स्टेशनरी, भोजन, खिलौने और मिठाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवकार मंत्र जाप और राष्ट्रगान से हुई, जिससे वातावरण में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
सेवा अभियान का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष श्री बिमल सिपानी ने किया। इस कार्य में विजय तिवारी, महेंद्र चौधरी, आलोक जैन, श्रीपाल पारख, धीरज जैन, रंजीत ओझा, राजेश सिंह एवं प्रशांत जैन समेत अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। गांव के बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने संस्था के इस सहयोग के प्रति आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा की।
कार्यक्रम के दौरान आदिवासी ग्रामीणों के चेहरों पर जो खुशी देखने को मिली, वही संस्था के प्रयास की सच्ची सफलता मानी गई। संस्था अध्यक्ष श्री सिपानी ने कहा, “जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।” उन्होंने युवाओं से आगे आकर समाज सेवा में सहभागी बनने का भी आह्वान किया।
गौरतलब है कि युवा शक्ति संगम विगत कई वर्षों से वंचित समुदायों के उत्थान के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और इसी कड़ी में यह सेवा अभियान एक और प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आया।