
पीरटांड़ के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में परंपरागत रूप से मनाया गया रथयात्रा महोत्सव
150 वर्षों से जारी है परंपरा, भगवान जगन्नाथ पहुंचे मौसीबाड़ी विश्राम हेतु
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): प्रखंड के पालगंज स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को रथयात्रा महोत्सव पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी को विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात भव्य रथ पर विराजमान कर पूरे पालगंज गांव का भ्रमण कराया गया। रथयात्रा का समापन महादेव मंडा स्थित शिव मंदिर (मौसीबाड़ी) में हुआ, जहां भगवान दो दिनों के शाही विश्राम पर विराजमान रहेंगे।
इस पावन अवसर पर आसपास के सैकड़ों श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ शामिल हुए। रथ यात्रा के सफल आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था हेतु पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार पुलिस बल के साथ स्वयं मौके पर तैनात रहे और रथ के साथ महादेव मंडा तक पहुंचे।
रथयात्रा की पूर्व संध्या गुरुवार को मंदिर में विशेष आरती, पूजा-अर्चना और वंश रोपण जैसे धार्मिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से संपन्न किए गए। शुक्रवार को सुबह मंदिर गुंबद पर ध्वजा रोहण किया गया और भगवान की पूजा-अर्चना के उपरांत भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ। महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी, दहियोरी और पका हुआ कटहल वितरित किया गया।
बताया जाता है कि इस मंदिर का निर्माण करीब 150 वर्ष पूर्व पालगंज राज परिवार के राजा द्वारा कराया गया था, और तभी से यहां रथयात्रा का आयोजन लगातार होता आ रहा है। रथ पर सबसे पहले भगवान जगन्नाथ को, फिर सुभद्रा मैया और अंत में बलभद्र स्वामी को विराजमान किया गया, जो पारंपरिक नियम का पालन है।
रथ यात्रा के दौरान गांववासियों में उत्साह का माहौल रहा। मौसीबाड़ी में भगवान के दो दिनों के विश्राम के पश्चात वापसी यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पुनः भक्तों की भारी भागीदारी रहेगी।
इस आयोजन को सफल बनाने में पुजारी बिमल उपाध्याय, श्वेतांक उपाध्याय, शिवचरण उपाध्याय, अनुज उपाध्याय, पंकज उपाध्याय, बासुकीनाथ उपाध्याय, मुरारी प्रसाद सिन्हा, बशिष्ठ उपाध्याय, रामकिंकर उपाध्याय, विशाल गौरव, बबलु बक्सी, आलोक उपाध्याय सहित कई लोगों का विशेष योगदान रहा। रथयात्रा शांतिपूर्ण एवं भक्ति-भाव से संपन्न हुई।