
नागेश्वर मंडल गरीबों के हक और अधिकार की लड़ाई के सच्चे योद्धा थे : विनोद सिंह
नागेश्वर मंडल की 13वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, जनआंदोलनों को तेज करने का लिया संकल्प
डीजे न्यूज, बगोदर (गिरिडीह) : भाकपा माले के दिवंगत वरिष्ठ नेता कॉमरेड नागेश्वर प्रसाद मंडल का 13वां स्मृति दिवस शुक्रवार को बरांय गांव के अंबेडकरनगर (हरिजन टोला) स्थित सामुदायिक भवन में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट के मौन और श्रद्धांजलि के साथ हुई, जिसमें उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया। तत्पश्चात उनके छाया चित्र पर उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि व माल्यार्पण किया।
भाकपा माले विष्णुगढ़ प्रखंड कमिटी सदस्य घनश्याम पाठक ने कहा कि कॉमरेड नागेश्वर मंडल न सिर्फ राजनीतिक रूप से सक्रिय थे, बल्कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में भी अग्रणी भूमिका निभाते थे।
जिला परिषद सदस्य शेख तैयब ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने बरांय-नउवाडीह और आसपास के गांवों में गरीब, वंचित और कमजोर तबकों को संगठित कर जनचेतना का निर्माण किया।
मुख्य वक्ता पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने कहा, कॉमरेड नागेश्वर मंडल गरीबों के हक और अधिकार की लड़ाई के सच्चे योद्धा थे। आज भी उनकी सोच और संघर्ष की आवश्यकता है। उनके अधूरे कामों को पूरा करना ही हमारी जिम्मेदारी है। पंचायत प्रतिनिधि मनोज प्रसाद ने भाकपा माले को क्षेत्र में मिले जनसमर्थन के प्रति आभार जताया और नागेश्वर मंडल को इसका मुख्य आधार बताया। मुखिया राजेंद्र मंडल ने उन्हें अपने जीवन का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनका संघर्ष आज भी प्रासंगिक है। इस मौके पर आइसा राज्य कमिटी सदस्य संदीप जायसवाल, पूर्व जीप सदस्य पूनम महतो, पूर्व मुखिया मोहन महतो, समाजसेवी ललिता कुमारी, रवि गुप्ता, विवेक मंडल, संजय बंगाली, रामेश्वर रविदास, अजीत मंडल, हीरालाल रविदास, जयचंद रविदास, नितेश कुमार (गोपू), सुरेश मंडल, युगल मंडल, मुकेश मंडल, राजेश मंडल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने व जनआंदोलनों को तेज करने का संकल्प लिया।