
हीरक रोड पर सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत, दूसरा घायल
डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद :
क्षेत्र के हीरक रोड पर धोखरा स्थित कहालडीह मोड़ के पास बृहस्पतिवार की रात करीब 8 बजे एक सीमेंट लदे ट्रक द्वारा एक बाइक को धक्का मार देने से बाइक पर सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद उसमें से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान असील महतो के रूप में हुई है, जो बलियापुर स्थित कुयलुडी के निवासी थे।
घटना के विवरण
बाइक सवार असील महतो अपने संबंधी बाघमारा निवासी भूटकचंद महतो के साथ बाइक से अपने घर बलियापुर लौट रहे थे। कहालडी मोड़ के पास तेज गति से धनबाद की ओर जा रहे सीमेंट लदे ट्रक ने उन लोगों की बाइक को जोरदार धक्का मार दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में इलाज
घटना के तुरंत बाद अगल-बगल के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचाने का काम किया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के दौरान असील महतो को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल भूटकचंद महतो का इलाज शहीद निर्मल महतो हॉस्पिटल में चल रहा है।
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने कहालडी मोड़ के पास सड़क को जाम कर दिया है। लोग मृतक के परिजन को मुआवजा एवं बुरी तरह घायल व्यक्ति की सहायता की मांग कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच स्थिति पर नजर रखे हुए है। दुर्घटना को अंजाम देने वाला सीमेंट लदा ट्रक को चालक ने घटनास्थल पर छोड़ भागने में सफल रहा। पुलिस ने ट्रक एवं बाइक को जब्त कर लिया है।
झामुमो नेता पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य जग्गू महतो समेत अन्य कई नेता शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक असील महतो एवं बुरी तरह घायल भूटुकचंद महतो दोनों रिश्ते में समधि हैं। घटना के बाद दोनों के परिवार के लोगों में भूचाल आ गई है और परिजन रोने धोने लगे हैं।