
रामकनाली में संथाल समाज ने पर्यावरण दिवस पर बांटे पौधे, लोगों को किया जागरूक
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी,धनबाद :
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूर्वी टुंडी प्रखंड में सोनोत संथाल समाज द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाज के प्रखंड अध्यक्ष संदीप हांसदा ने किया।
उपमा पंचायत के रामकनाली स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्वी टुंडी के विभिन्न गांवों से आए मांझी हड़ाम, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। इस दौरान संदीप हांसदा ने विभिन्न प्रकार के पौधों का वितरण करते हुए लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण बचाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि, “विश्व पर्यावरण दिवस महज एक दिन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए एक जिम्मेदारी है। ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण से जूझते इस युग में हर व्यक्ति को प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर चलना होगा। पेड़ लगाना और उनकी देखभाल करना धरती मां की सेवा के समान है।”
इस अवसर पर संथाल समाज के अनेक प्रतिनिधि जैसे आनंद हांसदा, हेमलाल सोरेन, रामकुमार मरांडी, प्रभु हेंब्रम, मनोहर मुर्मू, महेंद्र मरांडी, शिवराम प्रसाद हांसदा, रावण हांसदा और संजय मरांडी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
सभी ने मिलकर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
यह कार्यक्रम न केवल सामाजिक एकजुटता का परिचायक बना, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सार्थक पहल भी साबित हुआ।