
72 बालिकाओं को तलवार एवं दंड संचालन का प्रशिक्षण दे रहा आरएसएस
सभी बालिकाओं ने किया तलवार एवं दंड का पारंपरिक शस्त्र पूजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुंब प्रबोधन विभाग के तत्वाधान में माता अहिल्याबाई होलकर वाहिनी के बैनर तले शस्त्र पूजन एवं आत्मबल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम 22 फरवरी से विवाह भवन, गिरिडीह में चल रहा है, जिसमें कुल 72 बालिकाओं को तलवार एवं दंड संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण का नेतृत्व कुटुंब प्रबोधन की प्रांत टोली सदस्य सह कार्यक्रम संयोजिका पूनम बरनवाल कर रही हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आत्मबल, आत्मरक्षा एवं मानसिक मजबूती को बढ़ावा देना है।
4 अप्रैल को सभी बालिकाओं द्वारा तलवार एवं दंड का पारंपरिक शस्त्र पूजन, झंडा मैदान के सामने स्थित पुराना जेल मंदिर परिसर में विधिपूर्वक संपन्न किया गया। शस्त्र पूजन कार्यक्रम के दौरान अपने विचार साझा करते हुए कुटुंब प्रबोधन की प्रांत टोली सदस्य सह कार्यक्रम संयोजिका पूनम बरनवाल ने कहा, “यह प्रशिक्षण केवल शस्त्र संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, आत्मबल और चरित्र निर्माण का माध्यम है।
हमारी बालिकाएं जब हाथों में दंड और तलवार थामती हैं, तब न केवल उनका शरीर, बल्कि उनका मन भी मजबूत होता है। हम चाहते हैं कि ये बेटियां आने वाले समय में समाज का नेतृत्व करें और हर क्षेत्र में सशक्तता की मिसाल बनें।”
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शस्त्र चालक प्रशिक्षक सोनू कुमार का अहम योगदान रहा। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण, आत्मविश्वास एवं भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।