12वें राष्ट्रीय वेतन समझौते में देरी के विरोध में कार्यकर्ता सम्मेलन कोल प्रबंधन के रवैये पर जताया आक्रोश

12वें राष्ट्रीय वेतन समझौते में देरी के विरोध में कार्यकर्ता सम्मेलन

कोल प्रबंधन के रवैये पर जताया आक्रोश

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कोल इंडिया प्रबंधन के रवैये के प्रति श्रमिकों ने रोष जताते हुए समय पर वेतन समझौता करने की मांग की।
अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के उपाध्यक्ष अंगद उपाध्याय ने कहा कि कोल इंडिया प्रबंधन 12वें वेतन समझौते को लेकर गंभीर नहीं है। प्रबंधन की नकारात्मक कार्यशैली से श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वेतन समझौते में देरी के विरोध में अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ (बीएमएस) द्वारा कोल इंडिया की सभी कंपनियों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोयला प्रबंधन अपने रवैये में बदलाव नहीं करता है और 12वें वेतन समझौते की प्रक्रिया में तेजी नहीं लाता है, तो संघ आगे सीधी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया में कामगारों के वेतन समझौते में समय पर निर्णय नहीं होने का सिलसिला बन गया है। देरी के कारण कामगारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और उनके कार्य के प्रति उत्साह भी प्रभावित होता है।
अंगद उपाध्याय ने कोल इंडिया के सभी क्षेत्रों के कामगारों से अपील की कि वे अपनी चट्टानी एकता का परिचय देते हुए आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती ने की, जबकि संचालन संघ के महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर रेखा कुमारी, महिला कल्याण समिति सदस्य, बीसीसीएल, प्रभात कुमार सिंह, कार्यसमिति सदस्य, भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश, ओम कुमार सिंह, कार्यसमिति सदस्य, भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश तथा नवनीत कुमार सिंह, जिला सह मंत्री सहित धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्ष, सचिव और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सम्मेलन में संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती, कार्यकारी अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मंतोष तिवारी, अरिजय श्रीवास्तव, एसके मिश्रा, महामंत्री उमेश कुमार सिंह, संयुक्त महामंत्री भौमिक महतो, मंत्री संजीव सिंह, राजलाल यादव, लोकेश कुमार सिंह, संत कुमार चौहान, लालमोहन दास, संगठन मंत्री सुशील कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष प्रशान्त नियोगी, कार्यालय मंत्री अनिल कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top