युवाओं को प्रेरित करेगी ‘फ्रॉम शैडो टू सनराइज’, मारवाड़ी युवा मंच झरिया में हुआ लोकार्पण

Advertisements

युवाओं को प्रेरित करेगी ‘फ्रॉम शैडो टू सनराइज’, मारवाड़ी युवा मंच झरिया में हुआ लोकार्पण

डीजे न्यूज़, तिसरा/धनबाद: मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा द्वारा हेटलीबांध स्थित शाखा कार्यालय में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा द्वारा लिखित प्रेरणादायक पुस्तक “फ्रॉम शैडो टू सनराइज” का लोकार्पण किया गया। यह कार्यक्रम मंच की साहित्यिक और सामाजिक सक्रियता का प्रेरणादायक उदाहरण बना।

इस अवसर पर शाखा के कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल, दिनेश शर्मा, मयंक केजरीवाल सहित कई शाखा सदस्य और समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस उपलब्धि पर डॉ. मनीष शर्मा को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

पुस्तक के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह खासतौर पर 18 से 25 वर्ष के युवाओं को ध्यान में रखकर लिखी गई है। इसमें जीवन के संघर्ष, आत्मविश्वास, आत्म-खोज और आगे बढ़ने की प्रेरणा को सरल व प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक युवाओं के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।

इस मौके पर डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच हमेशा युवाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए कार्य करता रहा है। इसी सोच के साथ उन्होंने यह पुस्तक लिखी है, ताकि युवाओं को सही दिशा और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य है कि हर युवा यह समझे कि वह अकेला नहीं है और हर कठिनाई के बाद नई शुरुआत संभव है। यदि यह पुस्तक किसी एक युवा के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव ला सके, तो उनका प्रयास सफल होगा।

उन्होंने बताया कि यह पुस्तक अमेजन पर ₹119 में उपलब्ध है। वहीं मारवाड़ी युवा मंच के किसी भी सदस्य के माध्यम से इसे केवल प्रिंट लागत ₹60 में भी प्राप्त किया जा सकता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक मार्गदर्शन पहुंचाना है।

कार्यक्रम के अंत में मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा आगे भी ऐसे रचनात्मक और समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए लेखक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top