युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम में भाग लेंगे टाटा डीएवी स्कूल सिजुआ के छात्र पीयूष 

Advertisements

युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम में भाग लेंगे टाटा डीएवी स्कूल सिजुआ के छात्र पीयूष 

इसरो के केंद्रों में अंतरिक्ष मिशन और तकनीकी नवाचार से होंगे रूबरू 

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद) : टाटा डीएवी स्कूल सिजुआ के कक्षा 10 के छात्र पीयूष कुमार का चयन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित युविका 2025 (युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम) के लिए हुआ है। यह पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झारखंड राज्य से पांच और पूरे भारत से 350 बच्चों का चयन हुआ है। 

 

क्या है युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका)

युविका यानी युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम इसरो की एक वार्षिक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के मेधावी विद्यार्थियों में विज्ञान और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्रों को विभिन्न इसरो केंद्रों का भ्रमण, वैज्ञानिकों से बातचीत और व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी दी जाती है। 

 

प्रतिस्पर्धा प्रक्रिया के तहत चयन

पीयूष का चयन एक प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के तहत हुआ है। इसके तहत उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, विज्ञान गतिविधियों में भागीदारी और अंतरिक्ष में रुचि को ध्यान में रखा गया। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। 

 

गौरव का क्षण

टाटा डीएवी स्कूल सिजुआ की प्रधानाचार्या चंद्रानी बनर्जी ने पीयूष को बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल छात्र के लिए बल्कि विद्यालय के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमें पीयूष की लगन और विज्ञान के प्रति उसके जुनून पर गर्व है। उसकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी एक प्रेरणा बनेगी। 

 

अंतरिक्ष मिशन और तकनीकी नवाचार से होंगे रूबरू

युविका 2025 कार्यक्रम भारत के विभिन्न इसरो केंद्रों में आयोजित किया जाएगा, जहां छात्रों को देश के अंतरिक्ष मिशनों और तकनीकी नवाचारों की प्रत्यक्ष जानकारी दी जाएगी। पीयूष कुमार की भागीदारी उनके उज्जवल वैज्ञानिक भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top