
योग मनुष्य को दीर्घायु और स्वस्थ बनाता है : विकास प्रीतम
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मना 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
डीजे न्यूज, गिरिडीह: बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शनिवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति उपाध्यक्ष सतीश्वर प्रसाद सिन्हा, आरोग्य भारती के राजेश कृष्ण दास, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम एवं प्रधानाचार्य आनंद कमल ने महर्षि पतंजलि और भारतमाता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित करके किया।
योग शिक्षक प्रसून सिंह एवं अनिता कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय के बच्चे, आचार्य-दीदी, अभिभावक एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने सामूहिक रूप से आसन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ध्यान और शरीर संचालन क्रियाओं का अभ्यास किया और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम ने कहा कि “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है। यह दिन उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव पेश किया था, जिसपर 177 देशों ने सहमति दी और 21 जून 2015 से पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की शुरुआत हुई। योग मनुष्य को दीर्घायु और स्वस्थ बनाता है।”
आरोग्य भारती के राजेश कृष्ण दास ने योग के शारीरिक और मानसिक फायदे बताते हुए कहा कि “योग तनाव कम करने, लचीलापन बढ़ाने, मांसपेशियों को मजबूत करने और हृदय स्वास्थ्य में सुधार करने में सहायक है।” समिति उपाध्यक्ष सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने कहा कि “योग एक प्राचीन अभ्यास है जो शरीर और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए लाभदायक है। हमें नियमित रूप से इसका अभ्यास करना चाहिए।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजीत मिश्रा, प्रदीप सिन्हा, राजेंद्र लाल बरनवाल, निलेश कुमार, गौरव मुखर्जी, शंभू सिंह, पंचम नवीन, प्रशांत कुमार, भाजपा नेता महादेव दुबे, संदीप डंगायच, चून्नूकांत, प्रकाश सेठ, दिनेश यादव, विनय कुमार सिंह, विनय शर्मा एवं समस्त आचार्य-दीदियों का विशेष सहयोग रहा।