यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 2025 में धनबाद ट्रैफिक पुलिस की ऐतिहासिक सख्ती रिकॉर्ड जांच अभियान से बढ़ी चालान राशि, 1.5 गुना से अधिक कटी चालान की राशि काला शीशा, बिना हेलमेट, लाइसेंस व शराब पीकर वाहन चलाने पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

Advertisements

यातायात नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 2025 में धनबाद ट्रैफिक पुलिस की ऐतिहासिक सख्ती

रिकॉर्ड जांच अभियान से बढ़ी चालान राशि, 1.5 गुना से अधिक कटी चालान की राशि

काला शीशा, बिना हेलमेट, लाइसेंस व शराब पीकर वाहन चलाने पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

डीजे न्यूज, धनबाद: सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धनबाद यातायात पुलिस ने वर्ष 2025 में यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध व्यापक और सख्त अभियान चलाया। इसका असर यह रहा कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर नकेल कसते हुए न सिर्फ अधिक संख्या में चालान काटे गए, बल्कि चालान की कुल राशि भी पिछले वर्ष की तुलना में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। आंकड़े यह साफ दर्शाते हैं कि यातायात पुलिस की सख्ती ने नियम तोड़ने वालों की जेब पर सीधा असर डाला है।

वर्ष 2024 में जिले में कुल 21,715 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 23 लाख 08 हजार 151 रुपये का चालान किया गया था। वहीं वर्ष 2025 में जांच और कार्रवाई का दायरा बढ़ाए जाने के कारण 29,933 वाहनों से 5 करोड़ 58 लाख 79 हजार 001 रुपये का चालान वसूला गया। इस तरह एक ही वर्ष में 8,218 अतिरिक्त वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 35 लाख 70 हजार 850 रुपये अधिक चालान किया गया। यह वृद्धि न सिर्फ संख्या में, बल्कि राशि के लिहाज से भी उल्लेखनीय रही और चालान की कुल रकम पूर्व वर्ष की तुलना में 1.5 गुना से भी ज्यादा हो गई।

व्यापक जांच अभियान और सतत निगरानी

यातायात पुलिस ने वर्ष 2025 में शहर के व्यस्त चौराहों, मुख्य सड़कों, बाजार क्षेत्रों, स्कूल–कॉलेज के आसपास और दुर्घटना संभावित इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया। सुबह और शाम के पीक आवर्स के अलावा देर रात तक भी चेकिंग अभियान जारी रखा गया। हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, शराब पीकर वाहन चलाने, काला शीशा, फैंसी नंबर प्लेट और ट्रिपल सवारी जैसे मामलों पर विशेष फोकस किया गया।

इन नियमों के उल्लंघन पर सबसे ज्यादा कार्रवाई

यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में—बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 5,613 वाहन का चालान किया।
बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 3,404 चालान।
गलत पार्किंग के मामलों में 3,111 चालान।
काला शीशा लगाकर वाहन चलाने पर 1,168 चालान।
दोपहिया वाहन पर तीन सवारी करने पर 532 चालान।
शराब पीकर वाहन चलाने पर 250 चालान।
बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 248 चालान।
विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर 69 चालान किए गए।

इन आंकड़ों से साफ है कि नियमों की अनदेखी करने वालों की संख्या अभी भी काफी है, लेकिन पुलिस की लगातार सख्ती से धीरे-धीरे जागरूकता बढ़ रही है।

एसएसपी  का सख्त संदेश

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे अहम उपाय है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुरक्षा से किसी भी हाल में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वाहन चालक जागरूक बनें, लापरवाह नहीं। गाड़ी में काला शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ट्रिपल सवारी जैसे उल्लंघनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि धनबाद पुलिस का मकसद चालान से अधिक राशि अर्जित करना नही है बल्कि धनबाद के नागरिकों को सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।

 

आम लोगों से अपील

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। पुलिस का मानना है कि सख्ती के साथ-साथ जन जागरूकता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

धनबाद यातायात पुलिस ने संकेत दिए हैं कि वर्ष 2026 में भी तकनीक आधारित निगरानी, विशेष अभियान और नियमित चेकिंग के माध्यम से नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जारी रहेगी, ताकि जिले की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top