

याद किए ग ए दिवंगत कॉ. इकबाल दा और कॉ. संतोष घोष
डीजे न्यूज, रांची: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के दो राज्य सचिवमंडल सदस्यों कॉ. इकबाल दा उर्फ मास्टर दा और कॉ. संतोष घोष का हालिया निधन पार्टी और जनआंदोलन दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। इन दोनों साथियों ने अपने जीवन का हर क्षण मजदूर-किसान और मेहनतकश जनता के संघर्षों को समर्पित किया।
कॉ. इकबाल दा संताल परगना में बीड़ी मजदूरों और पत्थर उद्योग के कामगारों को संगठित करने वाले जननेता थे। वहीं, कॉ. घोष दा, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर डीवीसी में कार्यरत रहे, बाद में धनबाद कोयलांचल में परिवहन और निर्माण क्षेत्र के मजदूरों के बीच सक्रिय होकर माकपा के प्रमुख संगठनकर्ता बने। दोनों साथियों की संघर्षशील जीवनयात्रा झारखंड की मेहनतकश जनता की सामूहिक स्मृति का अभिन्न हिस्सा रहेगी।
रविवार को रांची स्थित सफदर हाशमी सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनकी याद में गहरी संवेदना व्यक्त की गई। सभा की शुरुआत में दोनों दिवंगत नेताओं की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अध्यक्षता माकपा रांची (पश्चिम) जिला सचिव कॉ. प्रफुल्ल लिंडा ने की।
सभा को माकपा राज्य सचिव कॉ. प्रकाश विप्लव, कॉ. समीर दास, कॉ. सुखनाथ लोहरा, सीटू के कॉ. अनिर्वान बोस, एडवा की कॉ. वीना लिंडा, तथा राज्य केंद्र से कॉ. अमल आज़ाद और कॉ. सुधांशु शेखर ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि कॉ. इकबाल और कॉ. संतोष घोष का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा है और उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
